भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में राज्य सरकार की 45 महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा करेंगे। यह उच्चस्तरीय बैठक सुबह 11. 30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चलेगी। बैठक में सभी मंत्री वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की होगी समीक्षा
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति का आंकलन करना और उनके जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करना है। मुख्यमंत्री योजनाओं में आ रही अड़चनों और आवश्यक सुधारों पर भी अधिकारियों से फीडबैक लेंगे।
बुनियादी सुविधाओं और विकास पर विशेष जोर
बैठक में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय भूमि का मुफ्त पंजीकरण, भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना और शहरी विकास योजनाओं की प्रगति शामिल है। इसके साथ ही औद्योगिक विकास और निवेश से जुड़े मुद्दों पर भी फोकस रहेगा।
इन प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री जिन अहम विषयों की समीक्षा करेंगे, उनमें—
ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय भूमि का मुफ्त पंजीकरण अभियान
गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था
नर्मदा समग्र मिशन
राम वन पथगमन और कृष्ण पाथेय परियोजनाएं
महाकाल मंदिर की तर्ज पर अन्य प्रमुख मंदिरों में होमगार्ड की तैनाती
प्रदेश में नए हवाई अड्डों का विस्तार
अग्निवीरों के लिए आरक्षण
सचिवालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली
21 मई से शुरू होंगी विभागवार समीक्षा बैठकें
मुख्यमंत्री की इस समीक्षा के बाद 21 मई से विभाग-वार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें संबंधित मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। प्रत्येक विभाग को अपनी योजनाओं और नई प्राथमिकताओं पर विस्तृत प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।