लखनऊ। उत्तरप्रदेश की प्रमुख डेयरी कंपनी पराग ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 15 मई की शाम से लागू होंगी। इसके साथ ही फुल क्रीम दूध का रेट 69 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 71 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है।
कंपनी के जीएम की ओर से गुरुवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए। पराग डेयरी ने फुल क्रीम, सुपर स्टैंडर्ड, टोंड मिल्क और स्टैंडर्ड दूध सहित सभी श्रेणियों के दाम बढ़ाए हैं।
कई पैक पर भी बढ़ोतरी
पराग गोल्ड के 6 लीटर पैक की कीमत 420 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए कर दी गई है। वहीं 500 एमएल पैक 35 रुपए से बढ़कर 36 रुपए का हो गया है। हालांकि अमूल और मदर डेयरी की तुलना में पराग के दाम अभी भी लगभग 1 रुपए प्रति लीटर कम बने हुए हैं।
टोंड मिल्क के 1 लीटर पैक की कीमत 57 रुपए से बढ़ाकर 59 रुपए कर दी गई है, जबकि 500 एमएल पैक 29 रुपए से बढ़कर 30 रुपए में मिलेगा। स्टैंडर्ड मिल्क के 500 एमएल पैक की कीमत 32 रुपए से बढ़ाकर 33 रुपए कर दी गई है। वहीं 5 लीटर पैक में सबसे ज्यादा 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिसकी नई कीमत अब 300 रुपए होगी।
ट्रांसपोर्ट खर्च में बढ़ोतरी का असर
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार लगभग 30% खर्च ट्रांसपोर्ट से जुड़ा होता है, जिसमें दूध की आपूर्ति और संग्रह शामिल है। पिछले कुछ महीनों में यह खर्च लगातार बढ़ा है, जिसका असर कीमतों पर पड़ा है। अमूल द्वारा दाम बढ़ाए जाने के बाद अन्य कंपनियों पर भी दबाव बना था।
अमूल और मदर डेयरी ने भी बढ़ाए थे दाम
इससे एक दिन पहले ही अमूल और मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी, जो 14 मई से लागू हो चुकी है। कंपनियों का कहना है कि पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत के कारण यह निर्णय लिया गया है।