देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। दिल्ली स्थित उनके समाधि स्थल ‘सदैव अटल’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर उन्हें नमन किया।
PM मोदी ने अटल जी के योगदान को किया याद
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं. पीएम मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी को याद करते हुए कहा कि अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता के तौर पर उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया.
सुशासन और जनकल्याण पर जोर हमेशा मार्गदर्शन करेगा
उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मजबूत बनाया. सुशासन और जन-कल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा.
देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक 'सदैव अटल' पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक सदैव अटल पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.
देशभर में याद किए जा रहे अटल बिहारी वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल, सुशासन की सोच और राष्ट्रहित से जुड़े उनके विचार आज भी सार्वजनिक जीवन में चर्चा का विषय बने हुए हैं।उनकी सरल भाषा, प्रभावशाली वक्तृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान दिलाई।