बेगूसराय: बिहार में किसान कम लागत में बेहतर मुनाफा देने वाली बागवानी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाओं के तहत सब्सिडी भी दी जा रही है। इसी कड़ी में बेगूसराय में रबी प्याज की खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 20 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में RKVY योजना के तहत बेगूसराय जिले में रबी प्याज की खेती के लिए 30 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
1 हेक्टेयर प्याज की खेती पर मिलेगा ₹20 हजार अनुदान
बेगूसराय जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. अमरजीत कुमार राय के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के DPR के तहत इस योजना को मंजूरी मिली है। रबी प्याज की खेती के लिए इकाई लागत 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। इसका अधिकतम 40 प्रतिशत यानी 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान किसानों को DBT के माध्यम से एक किस्त में दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों को प्याज का बीज भी निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
क्लस्टर में होगी प्याज की खेती
योजना का उद्देश्य किसानों को क्लस्टर आधारित प्याज की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि जिले में प्याज के उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाया जा सके। विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार, एक क्लस्टर में एक ग्राम पंचायत के न्यूनतम 25 हेक्टेयर क्षेत्र में प्याज की खेती कराई जाएगी।
एक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर तक मिलेगा लाभ
योजना के तहत किसान न्यूनतम 0.10 हेक्टेयर और अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र में प्याज की खेती के लिए अनुदान का लाभ ले सकता है। यह योजना बिहार के सभी 38 जिलों में लागू की जानी है। बेगूसराय में 30 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी प्याज की खेती का लक्ष्य रखा गया है। इस पर सरकार की ओर से करीब 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक किसान रबी प्याज की खेती पर मिलने वाले अनुदान के लिए बिहार उद्यान विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषि विभाग के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। विभाग के अनुसार, योजना का लाभ 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर लक्ष्य पूरा होने तक दिया जाएगा। इसलिए इच्छुक किसानों को निर्धारित समय में आवेदन करने की सलाह दी गई है।