बेंगलुरु : बेंगलुरु में भारी बारिश और ट्रैफिक जाम के बीच एक महिला से 15 किलोमीटर के ऑटो सफर के लिए ₹1200 वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने शहर में बढ़े हुए किराया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
कंटेंट क्रिएटर सान्या सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उनकी दोस्त ने मजबूरी में इतना ज्यादा किराया दिया ताकि ड्राइवर बीच रास्ते में न छोड़ दे। वीडियो के मुताबिक, इस सफर को पूरा करने में करीब 3 घंटे लग गए।
‘रोमांटिक नहीं, परेशान करती है बारिश’
वीडियो में सान्या सिंह ने कहा कि बेंगलुरु की बारिश रोमांटिक नहीं बल्कि और ज्यादा ट्रैफिक और शोर बढ़ा देती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां राइड बुक करना कॉलेज एडमिशन से भी ज्यादा मुश्किल हो गया है, और इस स्थिति में ऑटो ड्राइवर ज्यादा फायदा कमा रहे हैं।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने कमेंट कर अपने अनुभव साझा किए। कुछ यूजर्स ने कहा कि बारिश और पीक ट्रैफिक के दौरान ऑटो या कैब मिलना बेहद मुश्किल और महंगा हो जाता है। वहीं, कुछ ने माना कि शहर में भारी ट्रैफिक और लंबा सफर समय इस तरह के किराए को बढ़ावा देता है।
क्यों बढ़ता है किराया?
जानकारों के मुताबिक, जब किसी इलाके में यात्रियों की मांग ज्यादा और ड्राइवरों की संख्या कम होती है, तो किराया अपने आप बढ़ जाता है। बारिश, ट्रैफिक जाम और पीक आवर्स जैसे हालात को और बढ़ा देते हैं।