अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आने वाले उत्पादों पर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ हटा दिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत द्वारा रूस से तेल आयात बंद करने की प्रतिबद्धता और अमेरिका के साथ सुरक्षा व आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के वादे के बाद यह फैसला लिया गया।
बेहतर तालमेल के लिए ठोस कदम उठाए
इस संबंध में राष्ट्रपति ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत अगस्त 2025 में लगाया गया अतिरिक्त शुल्क खत्म कर दिया गया। यह टैरिफ रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते घोषित राष्ट्रीय आपात स्थिति के तहत लागू किया गया था। कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ बेहतर तालमेल के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इसके अलावा भारत ने सीधे या परोक्ष रूप से रूस से तेल न खरीदने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
कुछ विशेष श्रेणियों को भी हटाया गया
आदेश के अनुसार, भारत ने अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों की खरीद और अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर वाशिंगटन के साथ एक रूपरेखा पर सहमति भी दी है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही अमेरिका की टैरिफ सूची में शामिल कुछ विशेष श्रेणियों को भी हटाया गया है। पहले वसूले गए शुल्क की वापसी मौजूदा सीमा शुल्क प्रक्रियाओं के तहत की जाएगी।
Comments (0)