कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मतगणना से ठीक एक दिन पहले बिधाननगर कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच शनिवार रात तीखी बहस के बाद स्थिति झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नारेबाज़ी से शुरू होकर झड़प तक पहुंचा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाज़ी हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई। स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और माइकिंग कर भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
भाजपा ने लगाया झंडा लगाने का आरोप
भाजपा का आरोप है कि तृणमूल समर्थकों ने उनके अस्थायी शिविर में जबरन पार्टी के झंडे लगा दिए, जिससे विवाद शुरू हुआ। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह जानबूझकर उकसाने की कोशिश थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
तृणमूल ने केंद्रीय बलों पर उठाए सवाल
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों और केंद्रीय बलों की ओर से उन पर दबाव बनाया गया। तृणमूल नेताओं का दावा है कि केंद्रीय बलों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ सख्ती की और लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई की गई।
मतगणना केंद्रों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद प्रशासन ने सभी मतगणना केंद्रों की सुरक्षा और कड़ी कर दी है। स्ट्रांग रूम के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।
विजय जुलूस और पटाखों पर सख्त रोक
पूर्वी मेदिनीपुर के चार मतगणना केंद्रों को पहले ही ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित किया जा चुका है। यहां विजय जुलूस निकालने, पटाखे फोड़ने और भीड़ जुटाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 163 भी लागू कर दी गई है।
मालदा में सर्वदलीय बैठक से स्थिति सामान्य
दूसरी ओर मालदा में जिला प्रशासन ने संभावित विवादों से बचने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई। सभी उम्मीदवारों को स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र का निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों के अनुसार किसी भी दल ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। जिले की 12 विधानसभा सीटों की मतगणना 4 मई को निर्धारित केंद्रों पर होगी।