पटना। बिहार के शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर टीचर प्रोफाइल अपडेट करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रोफाइल अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों का वेतन भुगतान प्रभावित हो सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने किया। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां कार्यरत प्रत्येक शिक्षक की प्रोफाइल समय पर अपडेट कराना सुनिश्चित करें।
समय पर प्रोफाइल अपडेट नहीं हुई तो रुक सकता है वेतन
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि जिन शिक्षकों की प्रोफाइल ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपडेट नहीं होगी, उनका वेतन भुगतान बाधित किया जा सकता है। विभाग इस प्रक्रिया को लेकर गंभीर है और सभी शिक्षकों को जल्द से जल्द जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
करीब एक हजार शिक्षकों ने कराया अपडेट, आधे अभी भी बाकी
विशेष अभियान के दौरान लगभग एक हजार शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों ने अपनी प्रोफाइल अपडेट कर ली है। हालांकि, शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुचायकोट प्रखंड में कुल 2047 शिक्षक कार्यरत हैं और अब तक करीब 50 प्रतिशत प्रोफाइल ही अपडेट हो पाई हैं। विभाग पहले भी सभी प्रधान शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को इस संबंध में निर्देश जारी कर चुका है, लेकिन शिक्षकों की शिथिलता और तकनीकी समस्याओं के चलते प्रक्रिया अपेक्षित गति से पूरी नहीं हो सकी है।
तकनीकी गड़बड़ियों से बढ़ी शिक्षकों की परेशानी
ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट के दौरान कई तकनीकी समस्याएं भी सामने आई हैं। शिक्षकों का कहना है कि सभी आवश्यक जानकारियां अपलोड करने के बावजूद रिपोर्ट में उनकी प्रोफाइल अधूरी दिखाई दे रही है। कुछ शिक्षकों के अनुसार, प्रिंट निकालने पर सभी सूचनाएं सही दिखाई देती हैं, लेकिन अंतिम रिपोर्ट में प्रोफाइल इनकंप्लीट बताई जा रही है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग से की गई तकनीकी खामियां दूर करने की मांग
शिक्षक अमित कुमार, हेमंत कुमार दुबे, शशि कुशवाहा, आदर्श शुक्ला, बबलू गुप्ता और मनीष चौरसिया समेत कई शिक्षकों ने विभाग से पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि तकनीकी त्रुटियों के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं शिक्षा विभाग ने शिक्षकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी प्रोफाइल अपडेट कर प्रक्रिया पूरी करें।