प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देशभर में व्यापक जनसंपर्क और संगठन विस्तार अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय विस्तार केंद्र में वरिष्ठ पदाधिकारियों और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई।
5 जून से शुरू होगा देशव्यापी जनसंपर्क अभियान
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। भाजपा 5 जून से 21 जून तक देशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
प्रभावशाली मतदाताओं से भी होगा संवाद
अभियान को विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रभावशाली मतदाताओं से संपर्क कर उनके सुझाव और प्रतिक्रियाएं लेने का लक्ष्य तय किया है।
संगठन विस्तार पर विशेष जोर
बैठक में सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार किया गया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विस्तार की भी समीक्षा की गई।
युवाओं और महिलाओं को मिलेगी बड़ी भूमिका
भाजपा ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियां देने की रणनीति पर भी चर्चा की। इसके साथ ही महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं पर विचार किया गया। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों की संगठन में भागीदारी बढ़ाने को भी प्राथमिकता दी गई।
बैठक में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और अन्य पेशेवर वर्गों को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया। भाजपा का मानना है कि इन वर्गों की विशेषज्ञता का उपयोग सामाजिक विकास और नीति निर्माण में किया जा सकता है।
बूथ स्तर को मजबूत बनाने का आह्वान
बैठक के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और समाज के नए वर्गों तक पहुंच बनाना पार्टी की आगामी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इन प्रमुख उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी भाजपा
मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर भाजपा विशेष अभियान चलाएगी। इसमें अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA), डिजिटल इंडिया अभियान, भारत के विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना तथा करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने जैसे विषयों को प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाएगा। पार्टी इन उपलब्धियों को अपने रिपोर्ट कार्ड के रूप में देशभर में प्रस्तुत करेगी।