भारतीय जनता पार्टी ने अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी प्रेस रिलीज में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों की घोषणा की गई है। पार्टी के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पश्चिम बंगाल से मधुचंद्र कर को बड़ी जिम्मेदारी
नई राष्ट्रीय टीम में पश्चिम बंगाल को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। डॉ. मधुचंद्र कर को बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में उनका नाम शामिल है। इस सूची में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है।
मनोज तिग्गा बने बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव
पश्चिम बंगाल से मनोज तिग्गा को बीजेपी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय सचिवों की 16 सदस्यीय सूची में मनोज तिग्गा का नाम 11वें नंबर पर है। उनके साथ के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक और अनिल एंटनी समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिली है।
संगठन की कमान बीएल संतोष के पास
बीजेपी ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को शामिल किया गया है।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
पार्टी ने वित्तीय संगठन में भी नियुक्तियां की हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
मोर्चों की कमान भी नए चेहरों को
बीजेपी ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. हेमंत जोशी, महिला मोर्चा की कमान रूप कुमारी चौधरी और OBC मोर्चा का नेतृत्व अमरपाल मौर्य को दिया गया है। किसान मोर्चा के अध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर, SC मोर्चा के अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, ST मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुँवर बासित अली बनाए गए हैं।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया संगठन में भी नई नियुक्तियां की हैं। अनिल बलूनी को मीडिया कन्वीनर बनाया गया है। वहीं दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया कन्वीनर की जिम्मेदारी मिली है। मीडिया और सोशल मीडिया के लिए अलग-अलग को-कन्वीनरों की भी नियुक्ति की गई है।
बंगाल बीजेपी के लिए क्यों अहम है यह फैसला?
नई राष्ट्रीय टीम में पश्चिम बंगाल से दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना राज्य बीजेपी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मनोज तिग्गा को राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने से बंगाल को पार्टी के केंद्रीय संगठन में सीधा प्रतिनिधित्व मिला है।