भारतीय जनता पार्टी ने उत्तरप्रदेश, पंजाब और गुजरात में संगठन को मजबूत करने के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को इन नियुक्तियों का ऐलान किया।
बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले विनोद तावड़े को उत्तरप्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को UP का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।इसके अलावा सतीश पुनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।
विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी
भाजपा ने उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी है। तावड़े पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।अब उनके सामने उत्तरप्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है, जिससे प्रदेश संगठन में दोनों नेताओं की संयुक्त भूमिका रहेगी।
सतीश पुनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया
भाजपा ने सतीश पुनिया को पंजाब का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी ने पंजाब में संगठन को मजबूत करने के लिए उनके अनुभव पर भरोसा जताया है।पुनिया के सामने पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने की चुनौती होगी।
तरुण चुग को गुजरात की जिम्मेदारी
वहीं भाजपा ने तरुण चुग को गुजरात का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। गुजरात भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है और पार्टी ने संगठन की जिम्मेदारी चुग को सौंपी है।नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तरुण चुग गुजरात में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दी बधाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भाजपा के नए प्रभारियों और सह-प्रभारी की नियुक्ति पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए बधाई दी।उन्होंने विनोद तावड़े, सतीश पुनिया, तरुण चुग और जगदीश पटेल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सभी नेता अपने जमीनी अनुभव, नई ऊर्जा और कुशल नेतृत्व के जरिए पार्टी संगठन को और मजबूत करेंगे।