नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन स्तर पर एक और बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। वहीं राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ को गुजरात में पार्टी मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधानसभा चुनावों से पहले BJP का बड़ा संगठनात्मक बदलाव
भाजपा के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश और पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि गुजरात में विधानसभा चुनाव 2027 के उत्तरार्ध में होने की संभावना है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। अन्य राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति बाद में की जाएगी और तब तक मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी।
एक दिन पहले ही घोषित हुई थी BJP की नई राष्ट्रीय टीम
यह फेरबदल भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा के एक दिन बाद हुआ है। नई टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि आरएसएस के पूर्व पदाधिकारी राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की संख्या 11 से बढ़ाकर 13 की गई है। वहीं राष्ट्रीय महासचिवों की संख्या भी 7 से बढ़कर 8 हो गई है। भाजपा ने राष्ट्रीय सचिवों की संख्या भी 11 से बढ़ाकर 16 कर दी है।
विनोद तावड़े और सुनील बंसल को फिर बड़ी जिम्मेदारी
नई राष्ट्रीय टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें पिछली टीम में भी बरकरार रखा गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन के स्तर पर दोनों के अनुभव और काम को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव की नई टीम में शामिल किया गया है।
तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय की भी जिम्मेदारी
भाजपा ने राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाने के साथ ही पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी भी बनाया है। वह इस जिम्मेदारी में राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह की जगह लेंगे। भाजपा के इन नए संगठनात्मक बदलावों को आगामी चुनावों से पहले पार्टी की रणनीति और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।