नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार, 17 अगस्त को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कई पुराने चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
बीएल संतोष को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी बरकरार
BJP ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
स्मृति ईरानी समेत 8 महासचिव नियुक्त
नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। उनके अलावा त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े और सतीश पूनिया समेत कुल आठ नेताओं को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।
तीरथ सिंह रावत और भारती पवार भी टीम में
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री भारती पवार, मनप्रीत सिंह बादल और तारिक मंसूर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई टीम के ऐलान के साथ BJP ने संगठन में कई प्रमुख नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी हैं। माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया है।