संसद के बजट सत्र का सोमवार को नौवां दिन है। आज लोकसभा में आम बजट पर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को सत्र के आठवें दिन भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी थी। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। आज भी संसद में हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं। शुक्रवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच राज्य मंत्री रवनीत सिंह बट्टू को लेकर तीखी बहस हुई थी।
विपक्ष के नेता करेंगे बैठक
रवनीत सिंह बट्टू 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे पहले संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा उन्हें ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया था। इस बीच, INDIA ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स आज सुबह 10 बजे राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में बजट सत्र के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
Comments (0)