यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि, राज्य में 10 सीटों पर होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सभी को अभी से सक्रिय होना होगा। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि, लोकसभा और राज्यसभा सांसद के साथ ही विधायकगण, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन और पार्षद सभी लोग आज से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। हमें एक बार फिर प्रदेश में भाजपा का परचम लहराना है। राज्य के मुखिया ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सुपर एक्टिव होना होगा और किसी भी प्रकार की अफवाहों का तत्काल खंडन करना होगा।
अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, पीएम मोदी के नेतृत्व में हमने यूपी में 2014, 2017, 2019 और 2022 में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए विपक्ष पर लगातार दबाव बनाए रखा था। उन्होंने आगे कहा कि, 2014 और उसके बाद के चुनावों में जितना मत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में था, 2024 में भी भारतीय जनता पार्टी उतना वोट पाने में सफल रही है, लेकिन वोटों की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई है। जो विपक्ष पहले हार मान के बैठ गया था, वो आज फिर से उछल-कूद मचा रहा है।
बैकफुट पर आने की आवश्यकता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में विपक्ष चुनाव के बाद मारपीट पर उतारू हो गया था। तब हमारे सभी कार्यकर्ताओं को ये लगा कि वास्तव में हमारी सरकार का माफिया मुक्त यूपी का विहान इन्हीं गुंडों के लिए है। आज आपके सहयोग से हमें यूपी को माफिया मुक्त करने में सफलता मिली है। इसके अलावा अयोध्या में श्रीरामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को किसी भी स्थिति में बैकफुट पर आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपने कार्य किया है। जब आप विपक्ष में थे तब जनता के मुद्दों को लेकर लड़ते थे, जब सरकार में हैं तो यूपी में सुरक्षा का वातावरण देखने को मिल रहा है।
आज मुहर्रम हो रहा है ये पता भी नहीं चलता
अपने संबोधन में सीएम योगी ने सपा की पूर्व सरकार का जिक्र कर कहा कि, कभी मोहर्रम में सड़कें सूनी हो जाती थीं। आज मुहर्रम हो रहा है ये पता भी नहीं चलता। ताजिया के नाम पर घर तोड़े जाते थे, पीपल के पेड़ काटे जाते थे, सड़कों के तार हटाए जाते थे। आज कहा जाता है कि, गरीब की झोपड़ी नहीं तोड़ेंगे, तार नहीं तोड़ेंगे। सीएम ने आगे कहा कि, हमारा स्पष्ट तौर पर निर्देश है कि, पर्व और त्योहार मनाना है तो नियमों के अंतर्गत मनाओ, वरना घर में बैठ जाओ। भाजपा ने पूरे देश में विधि और सुशासन की सरकार चला के दिखाया है। मुख्यमंत्री योगी ने इस दौरान कोरोना काल की चर्चा करते हुए कहा कि, तब प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा ही संगठन का मंत्र दिया था। उस वक्त भी भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जनता की सेवा कर रहे थे, मगर अन्य कोई राजनीतिक दल तब नहीं दिखा।