नई दिल्ली - मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश के नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि हर योग्य मतदाता को मतदान अवश्य करना चाहिए।
मतदाता सूची सही और अपडेटेड होगी
ज्ञानेश कुमार ने यह बयान हाल ही में पांच राज्यों में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद दिया। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वे अपनी पत्नी अनुराधा के साथ आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और इसके बाद कैलाश मंदिर में महादेव के दर्शन भी किए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि भारत में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता का आधार एक “शुद्ध और सटीक मतदाता सूची” होती है। यदि मतदाता सूची सही और अपडेटेड होगी, तो चुनाव प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष और मजबूत बनती है।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है और मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एकजिम्मेदारी भी है जिसे हर नागरिक को निभाना चाहिए। ज्ञानेश कुमार ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग लगातार मतदाता सूची को अपडेट करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए काम कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।