नई दिल्ली - दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज़ रानी इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग लगने की सूचना सुबह करीब 8:51 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। वहीं इस घटना पर राज्य की सीएम रेखा गुप्ता ने गहरा दुख जताया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड पर जताया गहरा दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि, मालवीय नगर में लगी भीषण आग की घटना में लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और इस दिल दहला देने वाली घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिलने की प्रार्थना करती हूं।
दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नज़र रखे हुए है
उन्होंने इस लेख में लिखा कि, घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सर्विस और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और उन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए। उनकी तेज़ी से की गई कार्रवाई की वजह से प्रभावित जगह से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नज़र रखे हुए है।
प्रभावित परिवारों को हर ज़रूरी मदद दी जा रही है
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने इस लेख में आगे लिखा है कि, प्रभावित परिवारों को हर ज़रूरी मेडिकल मदद और सहायता दी जा रही है। दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है। हम इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।