नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल के बेसमेंट में बने रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
बेसमेंट से शुरू हुई आग, पूरी इमारत को लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के हौजरानी इलाके में स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट के बेसमेंट में बुधवार सुबह आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। आग से बचने के लिए कई लोगों को ऊपरी मंजिलों से नीचे गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।
गेस्ट हाउस में ठहरे थे विदेशी नागरिक
रेस्टोरेंट के ऊपर संचालित गेस्ट हाउस में कई विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।