सोशल मीडिया से शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। पार्टी ने बुधवार को तीन आधिकारिक प्रवक्ताओं की घोषणा की है। इसके साथ ही पार्टी आज अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रही है, जिसमें आगामी रणनीति और 6 जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर जानकारी दी जाएगी।
CJP को मिले तीन आधिकारिक प्रवक्ता
कॉकरोच जनता पार्टी ने सौरभ दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका को अपना आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी का कहना है कि ये तीनों नेता संगठन की विचारधारा और राजनीतिक दृष्टिकोण को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। पार्टी ने दावा किया है कि उसका उद्देश्य देश में राजनीतिक विमर्श को नई दिशा देना है और इसके लिए नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे लाया जा रहा है।
सोनम वांगचुक के समर्थन के बाद बढ़ी चर्चा
यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने पार्टी के आंदोलन का समर्थन करने की बात कही है। वांगचुक ने कहा था कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 5 जून तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह 6 जून को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे।
पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आएगी रणनीति
पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के निलंबित होने के बाद एक्स (X) पर "Cockroach is Back" नाम से नया अकाउंट बनाया गया है। इसी अकाउंट के जरिए CJP ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा की है। बताया गया है कि तीनों नए प्रवक्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और 6 जून को होने वाले विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा भी साझा करेंगे।
NEET मुद्दे पर प्रदर्शन की तैयारी
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अमेरिका से भारत लौटने के बाद 6 जून को आंदोलन करने की घोषणा की है। उन्होंने समर्थकों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। पार्टी लगातार NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।