सीएम योगी रविवार को डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, हमने बुंदेलखंड को डकैत मुक्त बनाने का संकल्प लिया था जो कि, पूरा हो चुका है। प्रदेश माफिया मुक्त हो चुका है। सीएम ने डॉ लोहिया को याद करते हुए अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, लोहिया जी ने कहा था कि, जबतक भारत में राम, कृष्ण और शिव की पूजा होगी भाारत को कोई समाप्त नहीं कर सकता। मगर इन समाजवादियों ने राम, कृष्ण और शिव की परंपरा को लहुलुहान किया था।
सीएम योगी ने साधा सपा पर निशाना
उन्होंने कहा कि, जब प्रयागराज में राजू पाल और उमेश पाल की हत्या होती है, तब क्या ये लोग पिछड़ी जाति के नहीं थे। कृष्णानंद राय के साथ रमेश पटेल और रमेश यादव भी मौत के घाट उतार दिये गये, क्या ये पिछड़ी जातियों के नहीं थे। आज माफिया के लिए फातिहा पढ़ने वाले फिर से चिल्ला-चिल्ला कर चुनौती देने की स्थिति में आ गये हैं। सीएम योगी ने कहा कि, कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर था। सपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उसका नाम बदल दिया। हमारी सरकार आने के बाद हमने फिर से बाबा साहब के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण किया। समाजवादी पार्टी हमेशा से दलित चिंतकों और महापुरुषों का अपमान करती रही है।
भाजपा संविधान को सर्वोच्च सम्मान देने वाली पार्टी है
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर बरसते हुए कहा कि, इन लोगों ने अनुसूचित जाति के आरक्षण में सेंध लगाने का कार्य किया। एससी के स्कॉलरशिप को रोकने का काम किया। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी जी ने बाबा साहब के पंच तीर्थ बनाए गये। संविधान को सिर माथे रखकर नई संसद में स्थापित किया। उन्होंने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, भाजपा संविधान को सर्वोच्च सम्मान देने वाली पार्टी है। मगर अफवाह और भ्रम फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया।
हम राष्ट्रवादी मिशन वाले लोग हैं
सीएम योगी ने कहा कि, दुनिया जानती है कि, हमारा समाज बिखरा होगा तो आसानी से शिकार हो जाएगा, मगर एकजुट होगा तो बड़ी-बड़ी ताकतें भी इसके सामने धराशाई हो जाएंगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, जाति के नाम पर विभाजित और शक्ति को छिन्न-भिन्न करने का जो पाप इस चुनाव में हुआ है, हमें इससे सतर्क और सावधान होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना होगा। इसी सोशल मीडिया का उपयोग करके षड्यंत्र के साथ विरोधी ताकतें और विदेशी लगे थे, जिसमें वो सफल हो गये। हम राष्ट्रवादी मिशन वाले लोग हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को ये देखना होगा कि, सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है। हमें अफवाहों का तत्काल खंडन करना होगा। अनुसूचित जाति के महापुरुषों के बारे में भाजपा के विचारों को सबके सामने लाना होगा। 2019 में हमने इसी प्रदेश में सबसे बड़े गठबंधन को धराशाई किया था।