भोपाल।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को हरियाणा के पंचकूला में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। बाबरिया मध्य प्रदेश और हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी रह चुके थे। मध्य प्रदेश में उनके प्रभारी रहते ही 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी थी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रहे दीपक बाबरिया
दीपक बाबरिया कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर कर सरकार बनाई थी। इसके बाद कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। बाबरिया उस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी थे। मध्य प्रदेश के अलावा वे हरियाणा कांग्रेस की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
जीतू पटवारी ने जताया दुख
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दीपक बाबरिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है! कांग्रेस की परंपरा, संस्कार और विचार को विस्तार देने के लिए आपके अनुकरणीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा!” पटवारी ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके मित्रों व परिवारजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उमंग सिंघार ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी दीपक बाबरिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। सिंघार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
कमलनाथ ने किया योगदान को याद
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दीपक बाबरिया के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और समाज के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
खराब स्वास्थ्य के चलते पद छोड़ने की पेशकश की थी
दीपक बाबरिया हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी भी रहे थे। अक्टूबर 2024 में उन्होंने खराब स्वास्थ्य के चलते हरियाणा प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे बाबरिया के निधन को कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।