नई दिल्ली में सोमवार सुबह आग लगने की घटना को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने का दावा किया गया था। हालांकि, शिक्षा मंत्रालय ने इस पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि मंत्रालय के दफ्तर में कोई आग नहीं लगी थी और प्रसारित की जा रही जानकारी भ्रामक है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि आग की घटना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) भवन में हुई थी, न कि शिक्षा मंत्रालय के मुख्यालय में।
शिक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
Ministry of Education की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मंत्रालय का कार्यालय नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित है, जबकि आग विकास मार्ग स्थित School of Planning and Architecture परिसर में लगी थी। मंत्रालय ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।
SPA के प्रशासनिक ब्लॉक में लगी थी आग
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग School of Planning and Architecture के प्रशासनिक ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर स्थित फैकल्टी रूम में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
MTS कर्मचारी ने दी थी पहली सूचना
पुलिस के अनुसार, आईपी एस्टेट थाने को सुबह करीब 8:45 बजे घटना की जानकारी मिली। SPA में कार्यरत मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारी सौरभ शर्मा ने प्रशासनिक ब्लॉक से धुआं और आग की लपटें निकलती देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
समय रहते पाया गया आग पर काबू
घटना के बाद आठ फायर टेंडर, तीन एंबुलेंस, दो PCR वैन और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया और बाद में उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और परिसर में कहीं भी सक्रिय आग नहीं बची है।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर इसे एक सीमित क्षेत्र तक की घटना बताया गया है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।