दक्षिण दिल्ली के हौजरानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज होटल में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मामले में दिल्ली पुलिस ने होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल का मैनेजर जय मिश्रा अभी फरार है और उसकी तलाश में कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
होटल के संचालन और लाइसेंस से जुड़ा था जय मिश्रा का नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल का संचालन और उससे जुड़े कई दस्तावेज जय मिश्रा के नाम पर थे। आरोप है कि अधिक मुनाफे के लिए होटल में नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध निर्माण कराया गया और कमरों की संख्या बढ़ा दी गई, जिससे आपात स्थिति में लोगों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हुआ।
छह कमरों के लाइसेंस पर बना दिए गए 25 कमरे
जांच में सामने आया है कि नगर निगम से होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी, लेकिन बाद में कथित तौर पर अवैध तरीके से करीब 25 कमरे तैयार कर दिए गए। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध निर्माण को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
पुलिस कर रही है फरार मैनेजर की तलाश
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सह-मालिक लवकेश बजाज से पूछताछ की जा रही है, जबकि जय मिश्रा को इस पूरे मामले की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस उसकी कॉल डिटेल्स और संभावित ठिकानों की जांच कर रही है और दावा किया जा रहा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हादसे के बाद प्रशासन भी एक्शन मोड में
घटना के बाद नगर निगम की उच्च स्तरीय टीम ने हौजरानी इलाके का निरीक्षण शुरू कर दिया है। आसपास संचालित हो रहे अन्य होटलों और व्यावसायिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पहचान की जा सके।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, संयुक्त समिति का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपराज्यपाल ने अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। वहीं दिल्ली सरकार ने भी पूरे मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया है, जो निर्धारित समय सीमा में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं मुख्यमंत्री
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।