नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। इसी के तहत दिल्ली सरकार ने वीकेंड के दौरान शराब की सभी दुकानों को सामान्य समय से पहले बंद करने का फैसला लिया है। अब शनिवार और रविवार को शराब की दुकानें रात 8 बजे तक ही खुली रहेंगी, जबकि सामान्य दिनों में इनका संचालन रात 10 बजे तक होता है। यह निर्णय दिल्ली पुलिस से मिली सुरक्षा संबंधी जानकारी के आधार पर लिया गया है।
वीकेंड पर बदला शराब दुकानों का समय
दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है। गुरुवार को बिना पूर्व सूचना के कई शराब की दुकानें समय से पहले बंद कर दी गई थीं, जिससे बड़ी संख्या में ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। अब प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि वीकेंड के दौरान सभी दुकानें शाम 8 बजे तक ही संचालित होंगी।
जंतर-मंतर पर जारी है छात्रों का प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से कथित NEET पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। 20 जुलाई को आयोजित 'संसद मार्च' के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसमें प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
आज भी बंद रहेंगे 17 मेट्रो स्टेशन
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने लगातार चौथे दिन भी मध्य दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक यात्रियों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर यात्रियों को केवल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इन मेट्रो स्टेशनों पर नहीं मिलेगी एंट्री-एग्जिट
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
प्रशासन ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले दिल्ली मेट्रो और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी ताजा अपडेट जरूर देखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।