नई दिल्ली - राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के आंदोलन के समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शनिवार शाम सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट खोल दिए। सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए स्टेशनों पर अब सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया है, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिली है।
DMRC ने दी जानकारी
डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार अब खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही राजधानी की मेट्रो सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो गई हैं।
18 स्टेशनों पर लगी थी रोक
शनिवार सुबह जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे छात्र प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए डीएमआरसी ने केंद्रीय दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी थीं।
इन स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल थे।
सरकार और CJP के बीच बनी सहमति
इस बीच, CJP ने केंद्र सरकार के साथ तीसरे दौर की वार्ता के बाद अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और CJP के प्रतिनिधि सौरव दास व आशुतोष रांका मौजूद रहे।
सरकार ने मानी प्रमुख मांगें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी पुलिस केस और एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति दी है। इसके अलावा कथित पेपर लीक विवाद से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को अधिकतम संभव मुआवजा देने का भी निर्णय लिया गया है। वहीं, CJP नेताओं ने कहा कि सरकार ने आंदोलन की सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद छात्रों से शांतिपूर्वक धरना समाप्त कर घर लौटने की अपील की गई।
यात्रियों को मिली राहत
आंदोलन समाप्त होने और सुरक्षा प्रतिबंध हटने के बाद अब दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सामान्य आवाजाही शुरू हो गई है। इससे रोजाना लाखों यात्रियों को राहत मिली है और राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था फिर से सामान्य हो गई है।