दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट बनी रहेगी। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर बाद या शाम के समय हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
बूंदाबांदी और हवाएं दे रही हैं राहत
नौतपा के अंतिम दिनों में गर्मी ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया था, लेकिन 28 मई से हुई बारिश और बूंदाबांदी ने तापमान को नियंत्रित रखा है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि बढ़ती उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर पसीने और चिपचिपाहट से लोग परेशान रहे, वहीं गर्मी बढ़ने से बाजारों और पार्कों में भी भीड़ कम देखने को मिली।
3 से 5 जून के बीच बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 जून से 5 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और हवाओं के कारण तापमान में बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को कुछ दिनों तक राहत मिलती रहेगी।
6 जून से फिर बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 6 जून के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
हवा की गुणवत्ता संतोषजनक
दिल्ली में मंगलवार सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 99 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता मध्यम से संतोषजनक स्तर पर बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक AQI में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।