नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 20 से 23 अगस्त तक दिल्ली में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, जिससे फिलहाल लोगों को बड़ी मौसम संबंधी परेशानी की आशंका नहीं है। 24 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने, जबकि 25 अगस्त को आंशिक रूप से बादल रहने का अनुमान है।
20 अगस्त को मध्यम बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार 20 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 60 से 80 प्रतिशत के बीच रह सकता है। इसके बाद 21 अगस्त को तापमान 33 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दिन बादलों के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।
22 और 23 अगस्त को भी बारिश संभव
22 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 23 अगस्त को तापमान 32 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
24 और 25 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
बारिश के दौर के बाद 24 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान आर्द्रता 60 से 90 प्रतिशत के बीच रह सकती है। 25 अगस्त को तापमान 35 और 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और आर्द्रता 55 से 85 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है।
बारिश से हवा की गुणवत्ता में भी सुधार
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बादल और बारिश का असर Air Quality पर भी देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण धूल और प्रदूषक कण वातावरण से नीचे आने से कई इलाकों में वायु गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। अगले एक सप्ताह के दौरान रुक-रुककर बारिश और बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण तापमान के सामान्य से ज्यादा बढ़ने की संभावना भी कम रहेगी।