नई दिल्ली - दिल्ली-एनसीआर में मानसून के बीच मौसम फिलहाल राहत भरा बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है। अगले दो दिनों तक बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह करीब 6 बजे तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान वातावरण में 87 प्रतिशत नमी रही और 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
दोपहर में बारिश के बढ़ेंगे आसार
आईएमडी के मुताबिक दोपहर के समय दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते उमस से राहत मिलेगी। दोपहर में नमी करीब 63 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि हवाओं की रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। वहीं सतही हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी और झोंकों के दौरान इनकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कल ऐसा रहा राजधानी का मौसम
शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि आयानगर में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।