दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप का सामना कर रहे लोगों को गुरुवार दोपहर राहत मिली, जब आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई।
नोएडा में छाए काले बादल, फरीदाबाद और सोनीपत में बारिश
दोपहर करीब 2 बजे के बाद दिल्ली-एनसीआर के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। नोएडा में घने बादल छा गए, जबकि फरीदाबाद और सोनीपत में धूल भरी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर में मौसम में यह बदलाव आया है। सुबह तक तेज धूप और उमस के बीच दोपहर में अचानक बादल छा गए और कई जगहों पर बूंदाबांदी शुरू हो गई।
सोनीपत के कई इलाकों में हुई बूंदाबांदी
हरियाणा के सोनीपत जिले में भी मौसम का मिजाज बदला। खरखौदा समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले घंटों में धूल भरी आंधी के साथ और बारिश की संभावना जताई है।
गर्मी से लोगों को मिली राहत
लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से परेशान लोगों को इस मौसम परिवर्तन से बड़ी राहत मिली है। बारिश और बादलों की वजह से वातावरण में ठंडक घुल गई है और लोगों ने भीषण गर्मी से कुछ राहत महसूस की।