नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 7 जून तक दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने 4 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 3 जून को भी कई इलाकों में बादल छाए रहने, बिजली चमकने और हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
4 जून को येलो अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह
आईएमडी के मुताबिक 4 जून को मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश शुरू हो सकती है। दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
अगले चार दिनों का मौसम पूर्वानुमान
- 3 जून: अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
- 4 जून: अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। येलो अलर्ट के तहत तेज हवाएं, बिजली चमकने और हल्की वर्षा की संभावना है।
- 5 जून: अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
- 6 जून: अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हालांकि किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य से अधिक अनुकूल बना हुआ है। बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा और लू चलने की संभावना काफी कम होगी।
NCR के सभी शहरों को मिलेगी राहत
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मौसम राहत भरा बना रहने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव लोगों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता में भी सुधार ला सकता है।