राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं और झमाझम बारिश के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित होने लगा। खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, एक विमान को जयपुर और दूसरे को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल जयपुर और लखनऊ में मौसम सामान्य होने के कारण विमानों को वहां सुरक्षित लैंड कराया जा रहा है।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर
दिल्ली-एनसीआर में दोपहर बाद तेज हवा और बारिश शुरू होने के साथ ही कई उड़ानों के संचालन पर असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी। ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ उड़ानों का मार्ग बदलने का फैसला लिया।
यात्रियों के लिए जारी हुई एडवाइजरी
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति और समय की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।