दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार की शाम बड़ा हादसा हो गया, जब अचानक एक मकान भरभराकर गिर गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
तुरंत मौके पर पहुंची दमकल की टीमें
घटना की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को शाम करीब 7:44 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत चार दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।
मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि मकान के मलबे में कई लोग फंसे हो सकते हैं। दमकल कर्मियों के साथ-साथ अन्य बचाव एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं और मलबे को हटाकर लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही हैं।
बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी
प्रशासन और राहत दल लगातार बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इलाके में भारी भीड़ भी जमा हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि अभी स्थिति की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
नुकसान का आंकलन बाद में
प्रशासन ने कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही किसी प्रकार के नुकसान और हताहतों की सही जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।