राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इन आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े तत्वों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।
लंबे समय से चल रही थी निगरानी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट और लंबे समय से चल रही निगरानी के बाद की गई। जांच एजेंसियां कुछ समय से इस मॉड्यूल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद समन्वित अभियान चलाकर सभी संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान थे निशाने पर
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों को राष्ट्रीय राजधानी और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बड़े हमलों की साजिश रची जा रही थी।
पावर प्लांट से एयरपोर्ट तक थे टारगेट
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि संदिग्ध पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों जैसे महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इन संभावित टारगेट्स को लेकर भी विस्तृत जांच कर रही हैं।
फंडिंग और विदेशी कनेक्शन की जांच तेज
गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उनके पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों, हथियारों की सप्लाई चेन और फंडिंग स्रोतों का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही सीमा पार बैठे संचालकों और विदेशी संपर्कों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी समेत कई संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।