देश के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी दिल्ली में 1 से 4 जून तक मौसम सुहावना बना रहेगा। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
1 और 2 जून को बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 और 2 जून के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इन दो दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
अगले 6 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार 1 जून से 6 जून के बीच दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलती रहेगी।
5 और 6 जून को कम होगी बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 5 और 6 जून को बारिश की संभावना कम रहेगी, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हवा की दिशा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व से पश्चिम की ओर बनी रहेगी।
रविवार को भी हुई बारिश, तापमान 40 डिग्री से नीचे
रविवार को सुबह से ही दिल्ली में बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट देखने को मिली।
दिल्ली में कितना दर्ज हुआ तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, शाम 4 बजे तक सफदरजंग मौसम केंद्र में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 75 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत रही।
गर्मी से राहत, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत
बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-NCR के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है।