नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही से मौसम का मिजाज बदल गया है। लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली है। तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने के कारण दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 अगस्त को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।
19 और 20 अगस्त को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 अगस्त को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 21 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है। यानी अगले कुछ दिनों तक राजधानी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के बजाय बादल और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे तापमान पर भी नियंत्रण रहने की संभावना है।
34 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान
IMD के आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग में 18 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26.5 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
वहीं 19 से 23 अगस्त के बीच सामान्य अधिकतम तापमान करीब 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 से 28 अगस्त के दौरान अधिकतम तापमान करीब 34.1 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
नोएडा से गुरुग्राम तक बारिश का असर
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, बारिश रुकने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ समय के लिए उमस फिर परेशान कर सकती है।
बारिश से हवा की गुणवत्ता में भी राहत
मौसम में बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है। बारिश और हवा की गतिविधियों के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों के फैलाव में मदद मिलती है उपलब्ध ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का AQI 109 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार इसे स्थायी सुधार नहीं माना जा सकता, क्योंकि हवा की दिशा, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन और स्थानीय प्रदूषण जैसे कारक AQI को लगातार प्रभावित करते हैं।
आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद
IMD के अनुसार 18 से 21 अगस्त तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बादल और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। खासतौर पर 19 और 20 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलती रहने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के दौरान जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।