सोमवार से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। अगले दो दिन हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है तो दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। इससे ठंड बढ़ना भी तय है। फिलहाल भले ही दिन के समय गर्माहट का एहसास हो रहा हो, लेकिन अगले दो तीन दिन ठंड का एहसास होने के आसार हैं। वैसे रविवार को भी मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिला। आंशिक रूप से छाए रहे बादलों और खिलती रही धूप के बीच बीते कई दिनों की तुलना में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पालम रहा सबसे ठंडा
अधिकतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक 22.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 54 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। रविवार को पालम राजधानी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल- IMD
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार सुबह स्मॉग और मध्यम श्रेणी का कोहरा रहने के आसार हैं। कहीं कहीं घना कोहरा भी हो सकता है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम अथवा रात के समय हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
येलो अलर्ट किया गया जारी
अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 22 और नौ डिग्री रह सकता है। यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके बाद मंगलवार सुबह भी हल्की वर्षा होने की संभावना है। इससे तापमान और गिरकर 19 से 12 डिग्री पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कई दिन ठंडक का यह एह सास बना रह सकता है।
लगातार पांचवें दिन बहुत खराब रही दिल्ली की हवा
रविवार को लगातार पांचवें दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 326 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 355 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटों के भीतर इसमें 29 अंकों की वृद्धि हुई है।
Comments (0)