मुंबई - महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नरेंद्र मोदी के बारे में कहा कि, आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण दिवस है। हम महाराष्ट्र की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं व बधाई देना चाहते हैं।
पीएम मोदी का कार्यकाल 'नवभारत का स्वर्णकाल'
देवेन्द्र फडणवीस ने अपने बयान में आगे कहा कि, पीएम मोदी आज भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले पीएम बन गए हैं। इसे मैं नवभारत के स्वर्णकाल के तौर पर देखता हूं। जिस प्रकार से भारत बदला है, 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया, करोड़ों लोगों को घर मिला, करोड़ों लोगों को पीने का पानी मिला, इस देश के गरीबों को अनाज मिला और इसके साथ-साथ देश ने आत्मनिर्भरता की ओर अपना कदम बढ़ाया।
पीएम मोदी ने सभी वर्गों के काम किया
इसके साथ ही आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि, दुनिया ये मानती है कि एक प्रकार की अप्रत्याशित बढ़ोतरी यहां देखने को मिली है। जिस फोकस के साथ पीएम मोदी ने समाज के हर क्षेत्र में काम किया है, हर क्षेत्र के लिए पीएम मोदी ने जिस प्रकार की योजनाएं बनाई हैं, वह हर योजना मील का पत्थर साबित हुई है। पीएम मोदी के इस कार्यकाल को स्वर्ण काल के तौर पर लोग कई वर्षों तक याद रखेंगे।
देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर बोला हमला
कांग्रेस सांसद पर तंज करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, राहुल गांधी जो करने की कोशिश कर रहे हैं, वह खुद को और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को यह सपना दिखाकर भरोसा दिलाना है कि कोई चमत्कार होगा और प्रधानमंत्री मोदी एक साल के अंदर सत्ता से बाहर हो जाएंगे। पिछले दस सालों से ऐसी ही भविष्यवाणियां और उम्मीदें जताई जाती रही हैं, लेकिन वे तथाकथित चमत्कार कभी सच नहीं हुए। इसके उलट, प्रधानमंत्री मोदी लगातार नए राजनीतिक मील के पत्थर स्थापित कर रहे हैं।
बंगाल की जीत ने विश्व को चौकाया
महाराष्ट्र के सीएम ने आगे कहा कि, बंगाल जैसी जीत ने कई मायनों में न केवल देश को बल्कि दुनिया भर के पर्यवेक्षकों को भी चौंका दिया है। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि ऐसे बयानों को बहुत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ये काफी हद तक मनगढ़ंत उम्मीदों पर आधारित हैं, और ऐसा लगता है कि राहुल गांधी अपने समर्थकों के बीच उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसी भरोसे पर निर्भर हैं।