देशभर में शनिवार को देवशयनी (आषाढ़ी) एकादशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिया भक्ति और सेवा का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आषाढ़ी एकादशी के पवित्र मौके पर बधाई। यह शुभ दिन भक्ति और दया के हमेशा रहने वाले संदेश के बारे में है। भगवान विट्ठल का आशीर्वाद खुशी, मेलजोल और खुशहाली लाए और हमें एक बेहतर समाज की ओर ले जाए। वह हर इंसान की भलाई और इज्जत के लिए बिना थके सेवा करने और काम करने के हमारे इरादे को और मजबूत करें।”
राजनाथ सिंह ने सुख-समृद्धि की कामना की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीहरि विष्णु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। यह पावन पर्व हम सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा हमें सेवा, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे।”
नितिन गडकरी ने भगवान विट्ठल का आशीर्वाद मांगा
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संदेश में कहा, “देवशयनी आषाढ़ी एकादशी पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान विट्ठल की कृपा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।”
जेपी नड्डा ने साझा किया श्लोक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने ‘एक्स’ पर श्लोक “सुप्ते त्वयि जगन्नाथ जगत्सुप्तं भवेदिदम्, विबुद्धे त्वयि बुध्येत जगत्सर्वं चराचरम्॥” साझा करते हुए लिखा, “आप सभी को देवशयनी (आषाढ़ी) एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं। पावन चातुर्मास के शुभारंभ का यह अवसर आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति लेकर आए। भगवान श्रीहरि विष्णु की कृपादृष्टि आप सभी पर सदैव बनी रहे।”