डायमंड हार्बर: दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर थाना क्षेत्र के कापटहाट मोड़ इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक पुस्तकालय के साइनबोर्ड वाले भवन के अंदर किताबों की जगह भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की पेटियों को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
बंद पुस्तकालय में मिला चौंकाने वाला खुलासा
गुरुवार शाम डायमंड हार्बर बीजेपी युवा मोर्चा की महिला कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाले बताए जा रहे एक बंद पुस्तकालय का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि अंदर न तो कोई किताबें थीं और न ही पुस्तकालय से जुड़ी कोई सामग्री। इसके बजाय पूरे परिसर में शराब की सैकड़ों पेटियां रखी हुई पाई गईं।
पुलिस ने शराब की पेटियां जब्त कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डायमंड हार्बर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शराब की पेटियों को जब्त कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि पुस्तकालय के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण किसने और किस उद्देश्य से किया था।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने पुस्तकालय को अवैध रूप से शराब के गोदाम में बदल दिया था। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।