कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व परिवर्तन का औपचारिक कार्यक्रम बुधवार को होने जा रहा है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार आज दोपहर 4:10 बजे बेंगलुरु के लोक भवन स्थित ग्लास हाउस में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 30 मई को उन्हें कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था और अब उनके हाथों में राज्य की कमान सौंपी जा रही है।
किसानों और महिलाओं पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डीके शिवकुमार आठ नई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक ये योजनाएं मुख्य रूप से किसानों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर केंद्रित होंगी। इनका उद्देश्य कृषि संकट से राहत, किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।
दो चरणों में होगा मंत्रिमंडल विस्तार
नई सरकार के गठन के पहले चरण में लगभग 15 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। बाकी मंत्रियों को 18 जून को राज्यसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम तय
कांग्रेस ने कर्नाटक से राज्यसभा सीटों के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मंसूर अली खान के नाम लगभग तय कर दिए हैं। तीसरी सीट के लिए सुप्रिया श्रीनाते और पवन खेड़ा के नामों पर विचार किया जा रहा है।
शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, 17 हजार से ज्यादा गाड़ियों की बुकिंग
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राज्यभर से समर्थक बेंगलुरु पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 17 हजार से अधिक वाहनों की बुकिंग की गई है। समारोह में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। डीके शिवकुमार ने विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया है।
खुली जीप में निकालेंगे विजय जुलूस
शपथ ग्रहण के बाद डीके शिवकुमार लोक भवन से विधान सौधा तक खुली जीप में रोड शो और जुलूस निकालेंगे। इसे कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।