पूरे देश में इस वक्त IAS अधिकारी पूजा खेडेकर का नाम काफी चर्चा में आ गया है। इसका कारण है उन पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से IAS की नौकरी लेने का आरोप लगना। दरअसल, पूजा खेडेकर पर आरोप है कि उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा यानी की UPSC पास करने के लिए फर्जी दिव्यांगता और अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र जमा किए थे। कहा ये भी जा रहा है कि पूजा ने बार-बार मेडिकल टेस्ट करवाने से मना करती आई हैं।
महाराष्ट्र कैडर की IAS अधिकारी
दरअसल, पूजा खेडेकर महाराष्ट्र कैडर की 2023 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह अभी ट्रेनिंग अवधि में ही हैं लेकिन अक्सर विवादों में बनी रहती हैं। आरोप है कि पूजा खेडेकर ने IAS अफसर बनने के लिए फर्जीवाड़े का सहारा लिया। पहले से ही उनके दिव्यांगता सर्टिफिकेट पर सवाल खड़े किए गए थे।
नए वीडियो पर हंगामा
पोस्टिंग के दौरान हाई डिमांड के बाद अब पूजा खेडेकर का विवादित मॉक इंटरव्यू क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नए वीडियो में पूजा खेडेकर ओबीसी कोटे के इस्तेमाल को लेकर सवालों में हैं। पूजा खेडकर ओबीसी के नॉन क्रीमी कोटे से सेलेक्ट हुई थीं। मॉक इंटरव्यू में वो दावा कर रही हैं कि पिता से अलग रहती हैं। जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके पिता अहमदनगर से वंचित बहुजन आघाड़ी के कैंडिडेट थे। उन्होंने 40 करोड़ की संपत्ति डिक्लेयर की लेकिन हलफनामें में कहीं भी बेटी या पत्नी के अलग रहने का जिक्र नहीं किया।
VIP नंबर, चैंबर और घर की डिमांड
पूजा खेडेकर पहले भी सुर्खियों में रही हैं। पूजा ने पुणे में पोस्टिंग पर VIP नंबर, चैंबर और घर की डिमांड की थी। इस पर काफी हंगामा हुआ था और उनका तबादला वाशिम में कर दिया गया था। पूजा के पिता भी सिविल सर्वेंट रह चुके है। इससे पहले पूजा के दिव्यांग सर्टिफिकेट को लेकर भी विवाद हुआ था।