हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में सभी सियासी दलों ने प्रचार में एड़ी से चोटी का जोर लगा दिया है। इस बीच एक रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा की जमकर तारीफ की। वहीं प्रियंका गांधी की तारीफ के बाद कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स हैंडल पर लिखा है कि, कांग्रेस पार्टी के समर्पित सिपाही के रूप में मेरी कार्यशैली पर बहन प्रियंका गांधी द्वारा कहे गए शब्द मेरे लिए अनमोल हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने आगे लिखा है कि, आपका बहुत-बहुत आभार दीदी, आप हमारे संघर्ष की प्रेरणा हैं।
प्रियंका ने दीपेंद्र के काम की तारीफ की
आपको बता दें कि, एक रैली के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के लिए कहा था कि, मैं दीपेंद्र जी को अच्छी तरह जानती हूं। इन्हें सालों से जानती हूं। हरियाणा से कोई आता है तो उनसे पूछती हूं कि, दीपेंद्र जी जनता से मिलते हैं? गांवों में जाते हैं? संघर्ष करते हैं? मेहनत करते हैं? तो हमेशा यही पता चलता है कि, मेहनत करते हैं। प्रियंका ने आगे कहा है कि, इनका घर और इनके दरवाजे आपके लिए 24 घंटे खुले रहते हैं।
जब हम नेता को चुनते हैं तो...
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने बयान में आगे कहा है कि, जब हम नेता को चुनते हैं तो 2-4 चीजें मन में जरूर रखनी चाहिए कि, इसने जीवन में क्या-क्या किया है। कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा है कि, क्या कभी जनता की सेवा की है? या इसकी क्या कहानी है ? हम कई बार देखते हैं किसी नेता ने संघर्ष किया है इस नेता के परिवार ने अपने देश के लिए शहादत दी है? या इस परिवार ने काम किया है? या कोई नेता जो नया नेता है संघर्ष करता है?
प्रियंका गांधी बोलीं - दीपेंद्र हुड्डा ने काम किया
कांग्रेस पार्टी की सीनियर नेत्री प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में ये भी कहा है कि, दूसरी बात है कि, जहां-जहां इन्होंने काम किया है, वहां क्या हो रहा है। जैसे दीपेंद्र रोहतक और हरियाणा में दूसरी जगह काम करते हैं तो आपने खुद देखा होगा कि, इनके क्षेत्र में परिवर्तन आया। कांग्रेस नेत्री ने आगे यहां यह भी कहा है कि, नौजवानों को रोजगार मिल रहा था। कमाई इतनी मुश्किल नहीं थी और फिर हम नेता की नीयत देखते हैं कि नेता जो कह रहा है उसमें सच्चाई है या नहीं।
Comments (0)