उदयपुर। फीफा विश्व कप 2026 को लेकर दुनियाभर में फुटबॉल प्रेमियों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच राजस्थान के उदयपुर के प्रसिद्ध सूक्ष्म शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने अपनी अनोखी कला से दुनिया की सबसे छोटी सोने की फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी तैयार करने का दावा किया है। 211 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा चुके डॉ. सक्का ने ट्रॉफी के साथ गोल्डन बूट, फुटबॉल और भारतीय तिरंगे को भी बेहद सूक्ष्म आकार में तैयार किया है।
महज एक मिलीमीटर आकार में तैयार की गई कलाकृतियां
डॉ. सक्का के अनुसार फीफा ट्रॉफी, गोल्डन बूट, फुटबॉल और तिरंगे का आकार केवल एक-एक मिलीमीटर है। इन सभी सूक्ष्म कलाकृतियों को बनाने में करीब 500 मिलीग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया है। आकार बेहद छोटा होने के कारण इन्हें सामान्य आंखों से देख पाना संभव नहीं है और इनके अवलोकन के लिए विशेष लेंस की जरूरत पड़ती है।
चांदी से बनाया गया मिनी फुटबॉल मैदान
इस अनोखी कृति में चांदी से निर्मित एक लघु फुटबॉल मैदान भी शामिल किया गया है। इसमें गोल पोस्ट, डी-कॉर्नर और नेट की जाली जैसी बारीक संरचनाओं को बेहद सावधानी से उकेरा गया है। सूक्ष्म शिल्पकला का यह नमूना अपनी बारीकी और डिजाइन के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
विश्व मंच पर भारतीय कला को पहचान दिलाने की पहल
डॉ. इकबाल सक्का का कहना है कि भले ही भारत फीफा विश्व कप का हिस्सा नहीं है, लेकिन इस तरह की कलाकृतियों के जरिए भारतीय कला और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इस विशेष कृति को विश्व कप जीतने वाली टीम को भारत की ओर से उपहार स्वरूप भेंट किया जाए।