पाकिस्तान ने 22 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। ये मछुआरे कराची की मलीर जेल में बंद थे। इन सभी ने अपनी सजा पूरी कर ली है। इसके बाद शुक्रवार को ये जेल के बाहर आ गए। जेल से बाहर आने के बाद पाक अफसरों ने इन्हें वापस भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लाहौर से वाघा बॉर्डर के रास्ते से इन मछुआरों को अमृतसर में भारतीय अफसरों को सौंपा जाएगा। भारत के ये मछुआरे गलती से समुद्री सीमा पार कर पाकिस्तान के जल क्षेत्र में चले गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी अफसरों ने इनको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।।
पाकिस्तान की जानीमानी समाजसेवी संस्था ईधी फाउंडेशन ने भारतीय मछुआरों को जेल से बाहर आने के बाद लाहौर तक लाने का इंतजाम किया और दूसरी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराईं। ईधी फाउंडेशन के चेयरमैन फैसल ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में मछुआरों के प्रति नरम रुख अपनाएं।
जल्द ही भारत लौटेंगे मछुआरे
मालिर जेल के अधीक्षक ने बताया कि भारतीय पक्ष से सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मछुआरों को उन्हें सौंप दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कैदियों को जेल में अच्छी स्थिति में रखा गया और जरूरी निर्देश मिलते ही रिहा कर दिया गया। उन्होंने कहा है कि 21 फरवरी, शुक्रवार को इन मछुआरों को रिहा करने के बाद लाहौर ले जाया गया है।
Comments (0)