सूरत: मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन जा रही गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस (12903) में सोमवार रात, 17 अगस्त 2026 को एक असामान्य घटना सामने आई। जनरल कोच में सफर कर रहे करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात विदेशी नागरिक का यात्रियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने कोच में लगे फायर एक्स्टिंग्विशर को निकालकर यात्रियों पर स्प्रे किया और उससे मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रेन को सूरत स्टेशन पर रोका गया। रात करीब 10 बजे RPF और GRP के जवानों ने विदेशी नागरिक को काबू में लेकर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट पहुंचाया। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दहानू के पास शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, ट्रेन के महाराष्ट्र के दहानू क्षेत्र से गुजरने के दौरान विदेशी यात्री का कुछ भारतीय यात्रियों से विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दरवाजे के पास खड़े होने और सीट को लेकर हुई थी। बहस बढ़ने के बाद विदेशी नागरिक ने कथित तौर पर कोच में लगा फायर एक्स्टिंग्विशर निकाल लिया और यात्रियों पर उसका इस्तेमाल करने लगा। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने रेलवे की आपातकालीन सेवा 'रेल मदद' पर शिकायत दर्ज कराई।
रात करीब 10 बजे सूरत स्टेशन पर कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद सूरत रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP को अलर्ट किया गया। रात करीब 10 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची, जिसके बाद 15-20 जवान कोच में पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने विदेशी नागरिक को काबू में किया। उसे और शिकायत दर्ज कराने वाले दो यात्रियों को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित RPF पोस्ट ले जाया गया।
पूछताछ के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
RPF पोस्ट पर शिकायतों के संबंध में विदेशी नागरिक से प्रारंभिक पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे सूरत के SMIMER अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
घटना के बाद सूरत रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चूंकि व्यक्ति की मौत पुलिस की निगरानी में तबीयत बिगड़ने के बाद हुई, इसलिए कस्टोडियल डेथ के पहलू से भी जांच की जा रही है। मृतक के पास से कोई पासपोर्ट, वीजा या अन्य पहचान-पत्र नहीं मिला है। पुलिस को केवल एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम मोबाइल का डेटा रिकवर कर उसकी पहचान और राष्ट्रीयता का पता लगाने की कोशिश कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम, बिसरा और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि उसकी मौत किस चिकित्सकीय वजह से हुई।
जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे
रेलवे पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि—
- विदेशी नागरिक की वास्तविक पहचान और राष्ट्रीयता क्या थी?
- ट्रेन में विवाद की असली वजह क्या थी?
- फायर एक्स्टिंग्विशर से हमले में कितने यात्री घायल हुए?
- RPF पोस्ट में उसकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी?
- उसकी मौत का चिकित्सकीय कारण क्या था?
फिलहाल पुलिस ने मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।