मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुर्शिदाबाद जिले के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। जिले के दो भाजपा विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। मुर्शिदाबाद के विधायक गौरी शंकर घोष को कैबिनेट मंत्री और कांदी की विधायक गर्गी दास घोष को राज्य मंत्री बनाया गया है।
भाजपा संगठन पर नेतृत्व का भरोसा
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सम्मान केवल दो नेताओं का नहीं, बल्कि मुर्शिदाबाद में पार्टी संगठन की लगातार मेहनत और जनसमर्थन का परिणाम है। लंबे समय तक जिला भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे गौरी शंकर घोष को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी देकर संगठन के प्रति अपना विश्वास जताया है।
जियागंज में जश्न, बैंड-बाजे के साथ मनाई खुशी
गौरी शंकर घोष के मंत्री बनने की खबर सामने आते ही उनके विधानसभा क्षेत्र मुर्शिदाबाद और जियागंज में भाजपा कार्यकर्ता उत्सव में डूब गए। बैंड-बाजों और मिठाइयों के साथ समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। जियागंज शहर की पहचान प्रसिद्ध गायक अरिजीत सिंह के पैतृक संबंधों के कारण भी देशभर में है।
पहली बार विधायक, पहली बार मंत्री बनीं गर्गी दास घोष
सोमवार को राजभवन में गर्गी दास घोष ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। हल्के रंग की साड़ी और भगवा उत्तरीय में उन्होंने शपथ ग्रहण किया। गर्गी एक राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनकी मां छाया घोष वाम शासनकाल में राज्य सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।
‘जायंट किलर’ साबित हुईं गर्गी
कांदी विधानसभा सीट पर गर्गी दास घोष ने तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता और चार बार के विधायक अपूर्व सरकार को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। पहली बार विधायक बनने के साथ ही मंत्री पद मिलने से उनकी राजनीतिक पहचान और मजबूत हुई है। भाजपा कार्यकर्ता उन्हें ‘जायंट किलर’ के रूप में देख रहे हैं।
35 साल बाद कांदी को मिला मंत्री
राजनीतिक जानकारों के अनुसार कांदी को करीब 35 वर्षों बाद फिर से मंत्री पद मिला है। इससे पहले 1987 से 1991 तक विधायक रहे वाहेद रेजा पहली बार विधायक बनकर राज्य मंत्री बने थे। अब गर्गी दास घोष ने भी पहली बार चुनाव जीतकर मंत्री पद हासिल किया है। इसे राजनीतिक इतिहास की पुनरावृत्ति माना जा रहा है।
विकास की उम्मीदें बढ़ीं
स्थानीय लोगों का मानना है कि जिले से दो-दो मंत्री बनने के बाद विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी। खासकर कांदी और मुर्शिदाबाद क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, रोजगार और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को नया बल मिलने की उम्मीद है।
गौरी शंकर घोष ने क्या कहा?
मंत्री बनने के बाद गौरी शंकर घोष ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा, "लोगों की अपेक्षाएं होना स्वाभाविक है और उन्हें पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। इसी भरोसे पर लोगों ने हमें वोट दिया है। मेरा क्षेत्र काफी पिछड़ा है। वहां विकास और सीमा सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर काम किया जाएगा।" गौरी शंकर घोष ने यह भी बताया कि मंत्री बनने के बाद उनकी प्रसिद्ध गायक अरिजीत सिंह से बातचीत हुई है।
भाजपा में उत्साह, विपक्ष की नजर विकास पर
एक ही जिले से दो नेताओं के मंत्री बनने से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। वहीं अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुर्शिदाबाद और कांदी के विकास के लिए नई जिम्मेदारी संभालने वाले मंत्री किस तरह की योजनाओं को आगे बढ़ाते हैं।