नई दिल्ली - 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बड़ा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया गया है। सरकार इस बार परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरत रही है।
राज्यों के साथ समन्वय पर विशेष जोर
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि National Testing Agency (NTA) और केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियां मिलकर परीक्षा की तैयारियों में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव के नेतृत्व में संबंधित विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक हो चुकी है। साथ ही सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर परीक्षा संचालन में सहयोग का अनुरोध किया गया है।
कई राज्यों में शुरू हुई समीक्षा बैठकें
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, विभिन्न राज्यों ने अपने स्तर पर तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों में बैठकों का दौर जारी है और बिहार सहित अन्य राज्यों ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। राज्यों की प्रस्तुतियों के माध्यम से सुरक्षा और प्रबंधन संबंधी पहलुओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
गृह मंत्रालय भी करेगा उच्चस्तरीय समीक्षा
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत सरकार के गृह सचिव भी इस विषय पर उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि NTA में नए अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है और सभी को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
NTA पर जताया पूरा भरोसा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें अपनी टीम और NTA की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार अधिक जिम्मेदारी और बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार ने पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया है तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि NTA सफलतापूर्वक NEET-UG 2026 परीक्षा का संचालन करेगा।