शिमला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) से जुड़े पदाधिकारियों को मिलने वाली विशेष सुविधाओं पर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने रोक लगा दी है। सरकार के इस फैसले का असर निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और निदेशक मंडल के सरकारी एवं गैर-सरकारी निदेशकों पर पड़ेगा। पर्यटन विकास निगम प्रबंधन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है और यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
होटल और खाने-पीने में मिलती थीं खास रियायतें
अब तक HPTDC के पदाधिकारियों को निगम के होटलों में ठहरने और भोजन पर विशेष छूट मिलती थी। नए आदेश के तहत ये सभी सुविधाएं समाप्त कर दी गई हैं। हालांकि, निगम के कर्मचारियों को मिलने वाली रियायतें पहले की तरह जारी रहेंगी।
100 रुपये में मिलता था होटल का कमरा
पहले निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक को HPTDC होटलों में मात्र 100 रुपये प्रतिदिन के शुल्क पर कमरा उपलब्ध कराया जाता था। इसके अलावा भोजन पर 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाती थी। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें खाने और ठहरने पर यही रियायतें मिलती थीं।
जीवनभर के लिए 30% छूट का प्रावधान भी खत्म
निदेशक मंडल के सरकारी और गैर-सरकारी निदेशकों को बैठकों के दौरान मुफ्त ठहरने और भोजन की सुविधा दी जाती थी। साथ ही उन्हें जीवनभर के लिए होटल और भोजन पर 30 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलता था। सरकार ने इस व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया है।
बच्चों की शादी पर मिलने वाली रियायत भी खत्म
प्रबंध निदेशक के बेटे या बेटी की शादी के अवसर पर आवास पर 50 प्रतिशत, भोजन पर 40 प्रतिशत और परिवहन पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाती थी। अब सरकार ने इस विशेष प्रावधान को भी समाप्त कर दिया है।
वित्तीय स्थिति मजबूत करने की दिशा में कदम
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण लगेगा और निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।