गोरखपुर - होली पर्व को देखते हुए यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे बोर्ड ने बड़ी घोषणा की है। आम लोगों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के विभिन्न स्टेशनों से 62 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
विभिन्न शहरों को चलाईं जाएंगी ट्रेंने
जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने यह महत्वपूर्ण निर्णय यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया है। रेलवे बोर्ड के मुताबिक, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर समेत प्रमुख स्टेशनों से देश के विभिन्न शहरों के लिए ये ट्रेनें चलाई जाएंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह का बयान
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के बताया है कि, होली पर्व के अवसर पर भारतीय रेल द्वारा एक से 22 मार्च तक देश के विभिन्न नगरों के लिए 1410 होली विशेष गाड़ियों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि, अभी तक की योजना के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से देश के विभिन्न नगरों के लिए 62 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है।
यात्री समय से अपने गंतव्य पहुंचे ये रेल विभाग की जिम्मेदारी
पंकज कुमार सिंह ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, रेल यात्रियों की सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन निरन्तर प्रयासरत है। यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे प्रशासन द्वारा ग्रीष्मकाल के साथ ही दीपावली, छठ, होली एवं अन्य पर्वों पर विशेष गाड़ियों का संचलन किया जाता है, ताकि यात्री समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सके।
Comments (0)