नई दिल्ली: देश के बड़े हिस्से में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश समेत करीब 23 राज्यों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और कम दबाव वाले क्षेत्र के असर से उत्तर और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 21 अगस्त को मौसम का मिजाज बदल सकता है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।
बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
UP में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के कारण कई जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, बहराइच और अयोध्या समेत कई इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 21 अगस्त को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और झांसी समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में भी बारिश का अलर्ट
बिहार के गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पटना में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी का तापमान 35 डिग्री अधिकतम और 29 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने का अनुमान है।
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर और गिरिडीह में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है। यात्रियों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और सोलन में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
75-80 KM/H तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक कुछ तटीय और मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के झोंकों की रफ्तार 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका भी है। मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।